Advertisement

Assembly Election Results: सुबह 8 बजे शुरू होगी वोटों की गिनती, EC ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

अगर भाजपा को 403 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत मिलता है तो वह यूपी में पिछले तीन दशक में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने वाली पहली पार्टी होगी.

Assembly Election Results: सुबह 8 बजे शुरू होगी वोटों की गिनती, EC ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Image Credit- DNA

Add DNA as a Preferred Source

डीएनए हिंदी: पूरे देश को पांच राज्यों- उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर विधानसभा चुनाव के परिणाम का बेसब्री से इंतजार है. इन सभी राज्यों में डाले गए वोटों की गिनती गुरुवार सुबह 8 बजे शुरू हो जाएगी.

UP बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण

उत्तर प्रदेश को भाजपा और मोदी सरकार के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह राज्य सबसे अधिक 80 सांसद लोकसभा भेजता है और विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन का 2024 के आम चुनाव पर असर पड़ने की उम्मीद है.

छोटे दलों को लुभा रहे बड़े दल

बहुकोणीय मुकाबले के कारण चूंकि चुनाव के बाद का परिदृश्य आश्चर्य पैदा कर सकता है, इसलिए राजनीतिक दलों ने अपने वरिष्ठ नेताओं को राज्यों में भेज दिया है और वे अन्य दलों को भी लुभा रहे हैं, ताकि यदि बाहरी समर्थन की आवश्यकता हुई तो वे सरकार बनाने में अपने प्रतिद्वंद्वियों पर भारी पड़ें.

कांग्रेस बरत रही विशेष सतर्कता

कांग्रेस ने अपनी कर्नाटक इकाई के प्रमुख डी के शिवकुमार को गोवा में विशेष पर्यवेक्षक के रूप में तथा पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक एवं छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव के साथ-साथ विंसेंट पाला को भी मणिपुर भेजा है. पार्टी 2017 में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बावजूद दोनों राज्यों में सरकार बनाने की दौड़ हार गई थी.

कांग्रेस की गोवा इकाई के प्रमुख गिरीश चूडांकर ने संवाददाताओं से कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ‘‘पहले से ही कांग्रेस नेताओं के साथ बातचीत कर रहे हैं.’’ उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) भी उनकी पार्टी का समर्थन करेगी. कांग्रेस ने मतगणना से पहले तटीय राज्य के सभी उम्मीदवारों को पणजी के पास बम्बोलिम गांव में एक लग्जरी रिसॉर्ट में स्थानांतरित कर दिया है.

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मंगलवार को अपने राज्य में उभरती स्थिति पर भाजपा नेतृत्व के साथ चर्चा करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में थे. अधिकारियों के अनुसार, पांच राज्यों में लगभग 1,200 हॉल में मतगणना के लिए 50,000 से अधिक अधिकारियों को तैनात किया गया है और कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे शुरू होने वाली कवायद के दौरान कोविड-9 रोधी दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा.

मतगणना केंद्रों पर वीडियो एवं स्थिर कैमरे लगाए गए

उत्तर प्रदेश में 750 से अधिक मतगणना हॉल होंगे जहां अधिकतम 403 विधानसभा सीट हैं. इसके बाद पंजाब में 200 से अधिक मतगणना हॉल होंगे. प्रक्रिया की निगरानी के लिए पांच राज्यों में 650 से अधिक मतगणना पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं. इस संबंध में एक अधिकारी ने लखनऊ में बताया कि यूपी के सभी मतगणना केंद्रों पर वीडियो एवं स्थिर कैमरे लगाए गए हैं.

पुलिस ने कहा कि 10 मार्च के लिए उत्तर प्रदेश के सभी जिलों और आयुक्तालयों को सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) की कुल 250 कंपनी प्रदान की गई हैं. अधिकारियों के मुताबिक, सीएपीएफ की एक कंपनी में आम तौर पर करीब 70-80 कर्मी होते हैं.

UP एग्जिट पोल में बीजेपी कर रही वापसी

अगर भाजपा को 403 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत मिलता है तो वह पिछले तीन दशक में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने वाली पहली पार्टी होगी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की यूपी इकाई के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, ''यूपी भाजपा कार्यालय में कोई खास तैयारी नहीं है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है.''

मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि वाराणसी में एक ट्रक में ईवीएम को "चोरी छिपे" ले जाया जा रहा था, लेकिन निर्वाचन आयोग ने कहा था कि मशीन मतगणना ड्यूटी पर प्रशिक्षण अधिकारियों के लिए थीं.

उत्तराखंड में घमासान के आसार?

उत्तराखंड में भाजपा महासचिव और रणनीतिकार कैलाश विजयवर्गीय ने पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य नेताओं के साथ बैठक की। विजयवर्गीय पूर्व में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के खिलाफ कांग्रेस विधायकों के विद्रोह के समय राज्य की राजनीति में सक्रिय रहे थे, जिसके कारण उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाया गया था.

पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक दीपेंद्र हुड्डा, उत्तराखंड के लिए पार्टी प्रभारी देवेंद्र यादव, चुनाव प्रचार प्रमुख हरीश रावत और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बैठकें करने के साथ ही कांग्रेस खेमा भी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है. चुनाव बाद हुए कई सर्वेक्षणों में से कुछ में भाजपा तो कुछ में कांग्रेस को बहुमत मिलता बताया गया है.

उत्तराखंड में बन सकती है त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति

इनमें से कई में कहा गया कि इन दोनों प्रमुख दलों में कड़ी टक्कर है और त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बन सकती है. यह एक ऐसा परिदृश्य होगा जिसमें निर्दलीय और क्षेत्रीय संगठनों की भूमिका अहम हो जाएगी जैसे कि सरकार गठन में आप, सपा, बसपा और उत्तराखंड क्रांति दल महत्वपूर्ण हो जाएंगे। उत्तराखंड में 70 सदस्यीय विधानसभा है.

कांग्रेस महासचिव अजय माकन और प्रवक्ता पवन खेड़ा को पंजाब भेजा गया है। कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस विधायक दल की पहली बैठक बृहस्पतिवार को ही होगी. अरविंद केजरीवाल की आप सात साल तक दिल्ली में शासन करने के बाद पंजाब में भी सत्ता में आकर इतिहास रचने की उम्मीद कर रही है. 

हमसे जुड़ने के लिए हमारे फेसबुक पेज पर आएं और डीएनए हिंदी को ट्विटर पर फॉलो करें

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement