चुनाव
पिछले विधानसभा चुनाव में सीएम चन्नी ने आम आदमी पार्टी के चरणजीत सिंह को 12308 वोटों से मात दी थी.
डीएनए हिंदी: पंजाब चुनाव में दिलचस्प नजारा सामने आया है. कांग्रेस ने पंजाब चुनाव के लिए रविवार को 8 और उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की. खास बात यह है कि इस लिस्ट में चमकौर साहिब से उम्मीदवार सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का भी नाम शामिल है. जी हां, सीएम चन्नी दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे. वह भदौड़ सीट से प्रत्याशी बनाए गए हैं.
क्लोज फाइट ने बढ़ाई चिंता?
माना जा रहा है कि चमकौर साहिब से इस बार चरणजीत सिंह चन्नी और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार चरणजीत सिंह के बीच क्लोज फाइट है. पिछली बार भी दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला था.
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने तो यहां तक दावा कर दिया है कि सीएम चन्नी इस बार चमकौर साहिब सीट से चुनाव हार जाएंगे. उनका कहना है कि आप के सर्वे में यह खुलासा हुआ है कि चन्नी इस बार चमकौर साहिब से हारेंगे. चमकौर साहिब सीट की बात की जाए दोनों ही कैंडीडेट इस विधानसभा क्षेत्र पर मजबूत माने जाते हैं और एक दूसरे को कड़ी टक्कर देते नजर आते हैं.
The CEC has selected the following candidates for the ensuing general elections to the Legislative Assembly of Punjab. Congratulations to all the candidates.
— Punjab Congress (@INCPunjab) January 30, 2022
#CongressHiAyegi pic.twitter.com/bP8YOuQgbw
पिछली बार विधानसभा चुनावों में चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी के चरणजीत सिंह को 12308 वोटों से मात दी थी. दोनों के बीच जबर्दस्त फाइट देखने को मिली थी लेकिन चन्नी इसमें बाजी मार ले गए. हालांकि एक तथ्य यह भी है कि चमकौर साहिब सीट पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी 2007 से जीतते आ रहे हैं.
आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी चरणजीत सिंह पेशे से नेत्र सर्जन हैं. डॉ. चरणजीत सिंह डॉक्टर विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं. वह पीजीआई चंडीगढ़ के पूर्व छात्र रह चुके हैं. आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार चरणजीत को पिछले विधानसभा चुनावों में चन्नी को कड़ी टक्कर देते हुए 48752 वोट हासिल किए थे. जबकि चन्नी को 61060 वोट हासिल हुए थे. इस बार आप के चरणजीत सिंह काफी मजबूत माने जा रहे हैं.
क्या है भदौड़ का हाल?
वहीं भदौड़ विधानसभा सीट की बात करें तो पिछली बार एससी सीट पर आम आदमी पार्टी के पीरमल सिंह धौला ने शिरोमणि अकाली दल के बलवीर सिंह गुनास को 20784 वोटों से शिकस्त दी थी. यहां 83.12 प्रतिशत मतदान हुआ था. कांग्रेस के जोगिंदर सिंह यहां तीसरे स्थान पर रहे थे. उन्हें 26615 वोट मिले थे. कांग्रेस को यहां सिर्फ 20 प्रतिशत वोट मिले थे.
मालवा में कांग्रेस को नुकसान!
पंजाब विधानसभा के मालवा रीजन में आम आदमी पार्टी सबसे बड़ा दल बनकर उभर सकता है. जी न्यूज और डिजाइन बॉक्स्ड के ओपिनियन पोल में सामने आया है कि मालवा की 69 सीटों पर आम आदमी पार्टी इस बार 28 से 30 सीटें हासिल कर सकती है. कांग्रेस को 19 से 21, शिरोमणि अकाली दल को 13 से 14, बीजेपी को 2 से 3 और अन्य को 2 से 4 सीटें मिल सकती हैं. बरनाला जिले के अंतर्गत यह जिला आप का गढ़ है. इसलिए यह चन्नी के चुनाव लड़ने से आप की संभावनाओं को कम करने की कोशिश करेगा. माना जा रहा है कि पूरे मालवा क्षेत्र में इसका असर पड़ सकता है.