Advertisement

Goa Elections: चुनाव से पहले BJP को झटका! विधायक ने दिया इस्तीफा

Goa Elections: अलीना सल्दान्हा के पति मैथनी सल्दान्हा, मनोहर पर्रिकर की नेतृत्व वाली गोवा सरकार में मंत्री थे.

Goa Elections: चुनाव से पहले BJP को झटका! विधायक ने दिया इस्तीफा

Image Credit- Twitter/ANI

Add DNA as a Preferred Source

डीएनए हिंदी: गोवा में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है. चुनाव से पहले भाजपा विधायक अलीना सल्दान्हा ने पार्टी और राज्य विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है. गुरुवार को भाजपा से नाता तोड़ने के बाद अलीना सल्दान्हा ने कहा कि BJP अब वैसा संगठन नहीं रहा, जो 2012 में उनके शामिल होने के दौरान था.

अलीना सल्दान्हा 2012 में अपने पति के निधन के बाद BJP में शामिल हुईं थी. उन्होंने गोवा विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा. सल्दान्हा (69) के अलावा हाल ही में विभिन्न दलों के चार अन्य विधायक भी 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा से इस्ताफा दे चुके हैं.

मनोहर पर्रिकर की सरकार में मंत्री थे अलीना के पति

अलीना सल्दान्हा के पति मैथनी सल्दान्हा, मनोहर पर्रिकर की नेतृत्व वाली गोवा सरकार में मंत्री थे. साल 2012 में मैथनी के निधन के बाद अलीना सल्दान्हा ने कोर्टालिम विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत भी हासिल की थी. उन्होंने 2017 में भी भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़कर जीत दर्ज की थी.

'अपने सिद्धांत भूल गई है भाजपा'

अलीना सल्दान्हा ने पत्रकारों से कहा, "मैंने सही कारणों के चलते इस्तीफा दिया है....क्योंकि यह पार्टी अब वैसी नहीं है, जैसी दिवंगत मैथनी सल्दान्हा और मेरे इसमें शामिल होने के समय थी." उन्होंने दावा किया कि BJP अपने सारे सिद्धांत भूल गई है और इस गोवा राज्य में "अव्यवस्था" है. सल्दान्हा ने कहा, "किसी को नहीं पता कि पार्टी में कौन आ रहा है और कौन जा रहा है."

क्या AAP में शामिल होंगी अलीना सल्दान्हा?

अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी उन्होंने इस संबंध में कोई निर्णय नहीं किया है. उन्होंने कहा, "सभी दल मेरे सम्पर्क में हैं. मुझे इस पर अभी विचार-विमर्श करना है...मुझसे कोई भी सम्पर्क करे इससे फर्क नहीं पड़ता, मैं सभी पहलुओं पर गौर करके निर्णय करूंगी. मैं अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों से भी विचार-विमर्श करूंगी."

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement