Advertisement

UP Election Result: जेल से ही चुनाव जीत गए ये दो प्रत्याशी, एक लाख से ज्यादा मिले वोट

UP Election Result: जेल में बंद समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आजम खान और नाहिद हसन ने अपनी-अपनी सीट से जीत दर्ज की है.

UP Election Result: जेल से ही चुनाव जीत गए ये दो प्रत्याशी, एक लाख से ज्यादा मिले वोट

Image Credit- Twitter/MediaCellSP

Add DNA as a Preferred Source

डीएनए हिंदी: उत्तर प्रदेश चुनाव परिणाम के साथ एकबार फिर यह साफ हो गया है कि राज्य में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने जा रही है. राज्य में समाजवादी पार्टी के 111 विधायकों ने जीत दर्ज की लेकिन इन विधायकों में से दो की जीत बेहद खास है. दरअसल जिन दो विधायकों की हम बात कर रहे हैं उन्होंने जेल में रहकर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की.

उत्तर प्रदेश में 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ने वाले जेल में बंद समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आजम खान और नाहिद हसन ने अपनी-अपनी सीट से जीत दर्ज की है. चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, आजम खान ने रामपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आकाश सक्सेना (हनी) को 55,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया.

पढ़ें- UP में बदलाव की बयार में कुछ बाहुबलियों को मिली हार तो कुछ ने पहना जीत का 'हार' 

आजम खान उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं नौ बार के विधायक रह चुके हैं. चुनाव आयोग के अनुसार, आजम खान को कुल मतों में से 1.31 लाख (59.71 प्रतिशत) मत मिले, जबकि सक्सेना को 76,084 (34.62 प्रतिशत) मत मिले. वह चोरी, आपराधिक धमकी और भूमि अतिक्रमण सहित कई आरोपों के सिलसिले में वर्तमान में सीतापुर जेल में बंद हैं.

पढ़ें- UP Election Result: इन सीटों पर हजार से कम रहा अंतर, जानिए कितनी पर भाजपा को मिली जीत

चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, शामली जिले के कैराना में समाजवादी पार्टी के नाहिद हसन ने तीसरी बार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है. उन्होंने भाजपा की मृगांका सिंह को 25,000 से अधिक मतों से हराया. नाहिद हसन को उस सीट पर मृगांका सिंह के 1.05 लाख (43.46 प्रतिशत) मतों के मुकाबले 1.31 लाख (54.16 प्रतिशत) वोट मिले.

पढ़ें- जहां Rakesh Tikait ने किया था एक साल तक आंदोलन, वहां BJP ने गाड़ दिया लट्ठ

कैराना विधानसभा सीट से आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे. नाहिद हसन को इस साल 16 जनवरी को कैराना कोतवाली में उत्तर प्रदेश गैंगस्टर्स और असामाजिक गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत 2021 के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और तब से वह जेल में हैं.

हमसे जुड़ने के लिए हमारे फेसबुक पेज पर आएं और डीएनए हिंदी को ट्विटर पर फॉलो करे.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement